ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (पूर्व नाम होशंगाबाद) जिले में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. पिपरिया के प्रसिद्ध सांडिया घाट सहित मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
सांडिया घाट पर 20 हजार श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पिपरिया के सांडिया घाट में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. अनुमानित करीब 20 हजार श्रद्धालु अलसुबह से ही घाटों पर पहुंच गए. श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाकर धार्मिक अनुष्ठान किए. इसके अलावा शिवनी पुलघाट, सीताराम घाट और बाजार घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. दूर-दराज के गांवों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पैदल और निजी वाहनों से नर्मदा तट पहुंचे. पूरे दिन घाटों पर धार्मिक माहौल बना रहा.
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर स्नान और दान का विशेष महत्व
हिंदू धर्म में ज्येष्ठ पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, भगवान सत्यनारायण की पूजा करने और जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया.
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की थी. घाटों तक आने वाले मार्गों पर सड़क और खेतों के किनारे पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे.
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस चौकी प्रभारी किशन उइके के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पूरे आयोजन के दौरान मोर्चा संभाले रखा. वहीं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की.
आस्था और भक्ति से सराबोर रहा नर्मदा तट
सुबह से लेकर दिनभर नर्मदा तटों पर धार्मिक माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के जयकारों के साथ स्नान किया, पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा खुशहाली की कामना की. ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा तट पूरी तरह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आए.