25,000 चूहों वाला रहस्यमयी मंदिर! बीकानेर के Karni Mata Temple की अनोखी आस्था की पूरी कहानी


राजस्थान की गर्म रेत, दूर तक फैले सुनसान रास्ते और बीच-बीच में दिखते छोटे-छोटे कस्बे… इसी सफर के बीच एक ऐसी जगह आती है, जहां आस्था की परिभाषा ही बदल जाती है. बीकानेर से करीब 30 किलोमीटर दूर, Deshnok में स्थित Karni Mata Temple सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी है, जो पहली बार सुनने पर किसी रहस्य से कम नहीं लगती.

यहां हजारों नहीं, बल्कि 25,000 से ज्यादा चूहे खुलेआम घूमते हैं… और सबसे हैरान करने वाली बात है कि इनकी पूजा होती है. पहली नजर में यह सब अजीब लगता है, लेकिन जैसे-जैसे आप इस जगह को समझते हैं, यह अनुभव डर से ज्यादा आस्था में बदलने लगता है. आइए इस अनोखी कहानी के बारे में विस्तार से जानते हैं...

कहां से शुरू होती है इस अनोखी आस्था की कहानी?

कहानी शुरू होती है 15वीं सदी की संत Karni Mata से, जिन्हें लोग देवी दुर्गा का अवतार मानते हैं. मान्यता है कि उनके आशीर्वाद से मृत्यु के बाद आत्माएं सीधे स्वर्ग नहीं जातीं, बल्कि पहले चूहे के रूप में इस मंदिर में जन्म लेती हैं. यह सुनकर शायद हैरान हो गए हो आप लेकिन यहां के लोगों के लिए यह सामान्य बात है. उनके लिए ये चूहे सिर्फ जानवर नहीं, बल्कि उनके अपने पूर्वज हैं. जिनकी सेवा करना, उन्हें भोजन देना, एक तरह से अपने ही परिवार का सम्मान करना है.

इसे भी पढ़ें...राजस्थान के प्राचीन मंदिर: जहां आस्था, कला और इतिहास एक साथ जीवंत होते हैं


मंदिर के अंदर कदम रखते ही क्या महसूस होता है?

जैसे ही आप मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचते हैं, सबसे पहले जूते-चप्पल उतारने पड़ते हैं. नंगे पैर या मोजों में अंदर जाना होता है. जैसे ही आप अंदर कदम रखते हैं, आपके पैरों के आसपास कुछ हलचल होती है… नीचे नजर जाती है र सैकड़ों छोटे-छोटे चूहे इधर-उधर दौड़ते नजर आते हैं. पहले कुछ पल थोड़े असहज लगते हैं. दिल में हल्की घबराहट भी होती है. लेकिन धीरे-धीरे यह एहसास होने लगता है कि ये चूहे उतने डरावने नहीं हैं, जितना हमने सोचा होता है. ये छोटे, शांत और अपने ही संसार में मग्न दिखते हैं.

क्या चूहों के बीच चलना आसान होता है?

आसान तो बिल्कुल नहीं… क्योंकि यहां हर कदम सोच-समझकर रखना पड़ता है. हीं ऐसा न हो कि गलती से आपका पैर किसी चूहे पर पड़ जाए. यहां ऐसा होना अपशकुन माना जाता है. इसलिए लोग बहुत धीरे-धीरे चलते हैं, नजरें नीचे रखते हैं और हर कदम संभलकर रखते हैं. लेकिन अगर कोई चूहा आपके पैरों के ऊपर से गुजर जाए… तो मानिए आपकी किस्मत खुल गई! इसे बेहद शुभ संकेत माना जाता है.

मंदिर में चूहों की दुनिया कैसी है?

यहां चूहों के लिए हर सुविधा मौजूद है. जगह-जगह दूध और अनाज के बर्तन रखे होते हैं. खुले आंगन में ऊपर जाल लगा होता है, ताकि कोई पक्षी इन्हें नुकसान न पहुंचा सके. सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिन चूहों को आम जिंदगी में लोग गंदगी से जोड़ते हैं, यहां वही चूहे सम्मान और सुरक्षा के साथ रहते हैं. यह नजारा हर किसी को सोचने पर मजबूर कर देता है.

इसे भी पढ़ें... राजस्थान के सबसे प्रसिद्ध मंदिर: आस्था, इतिहास और दिव्यता की एक कहानी

सफेद चूहा दिख जाए तो क्या होता है?

मंदिर में एक खास चर्चा हमेशा रहती हैृ- सफेद चूहा.

कहा जाता है कि अगर किसी भक्त को सफेद चूहा दिख जाए, तो यह बेहद शुभ संकेत होता है. मानो खुद Karni Mata का आशीर्वाद मिल गया हो. इसी उम्मीद में कई लोग पूरे मंदिर में नजरें दौड़ाते रहते हैं… लेकिन यह सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता.

क्या मंदिर के बाहर के चूहे भी खास होते हैं?

दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ मंदिर के अंदर रहने वाले चूहे ही पवित्र माने जाते हैं. मंदिर के बाहर के चूहे वही सामान्य जीव हैं, जिनसे लोग दूरी बनाकर रखते हैं. यह फर्क इस जगह की आस्था को और भी रहस्यमयी बना देता है.

क्या हर किसी को यहां आना चाहिए?

अगर आप चूहों से डरते हैं, तो यह जगह आपके लिए थोड़ी मुश्किल हो सकती है. लेकिन अगर आप भारत की अनोखी परंपराओं और आस्थाओं को करीब से समझना चाहते हैं, तो यह अनुभव आपको जरूर लेना चाहिए. यहां आकर आप सिर्फ एक मंदिर नहीं देखते… बल्कि एक ऐसी सोच को महसूस करते हैं, जो दुनिया में शायद कहीं और नहीं मिलेगी.

कब जाएं और कैसे पहुंचे?

सुबह का समय यहां आने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. उस समय चूहे ज्यादा सक्रिय होते हैं और माहौल भी शांत रहता है. बीकानेर से यहां पहुंचना बेहद आसान है-टैक्सी या जीप से एक घंटे के भीतर आप Karni Mata Temple पहुंच सकते हैं. मंदिर में प्रवेश फ्री है, लेकिन कैमरा ले जाने पर शुल्क लग सकता है. छोटा सा सुझाव- अतिरिक्त मोजे जरूर साथ रखें… क्योंकि बाहर निकलते वक्त आपको उनकी जरूरत जरूर महसूस होगी.

आखिर में… यह कहानी सिर्फ चूहों के मंदिर की नहीं है… यह उस विश्वास की कहानी है, जहां डर खत्म हो जाता है और आस्था अपनी जगह बना लेती है. Karni Mata Temple हमें यह सिखाता है कि दुनिया में हर चीज को देखने का नजरिया अलग हो सकता है और शायद यही भारत की सबसे बड़ी खूबसूरती है.